पलामू जिले के हुसैनाबाद में हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार,देशी कट्टा व दो जिंदा कारतूस बरामद
पलामू: जिले हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों युवक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से जपला की ओर जा रहे थे।
02मार्च की शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम मानखाप की ओर से दरूआ मोड़ होते हुए दो व्यक्ति हथियार के साथ आ रहे हैं। सूचना पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए पु०नि० सह थाना प्रभारी चन्दन कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने दरूआ मोड़ के समीप वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। शाम करीब 7:20 बजे दरूआ गांव की ओर से आ रही मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन दोनों युवक भागने लगे। सशस्त्र बल की तत्परता से उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार युवकों की पहचान अभिषेक कुमार (19 वर्ष) एवं नितिश कुमार चंद्रवंशी (18 वर्ष), दोनों ग्राम मानखाप, थाना , हुसैनाबाद जिला पलामू के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान अभिषेक कुमार के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस,एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं नितिश कुमार के पास से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ।
इस संबंध में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 43/26 दिनांक 02.03.2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1-बी)(ए) / 26 / 35 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक कुमार पूर्व में भी वर्ष 2025 में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 128/25 के तहत विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने बरामद हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गढ़वा: अवैध बालू परिवहन के खिलाफ रमकंडा पुलिस की कारवाई, चैनपुर के तीन ट्रैक्टर जप्त






