क्रशर प्लांट से 50 एकड़ खेती प्रभावित, पिंडरा के ग्रामीणों ने विधायक से लगाई न्याय की गुहार
गढ़वा: जिले के रंका प्रखंड अंतर्गत पिंडरा गांव के ग्रामीणों ने मंगलवार को गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी को गांव बुलाकर क्रशर प्लांट के कारण हो रही समस्याओं से अवगत कराया और न्याय की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गासेदाग गांव में संचालित तारा कंस्ट्रक्शन और अंजनी सिंह के क्रशर प्लांट की वजह से उनकी खेती और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अंजनी सिंह के क्रशर प्लांट के समीप सिंचित भूमि के ऊपर बांध बना दिया गया है, जिससे करीब एक दर्जन किसानों की लगभग 50 एकड़ कृषि भूमि में पानी भर गया है। इससे खेती करना मुश्किल हो गया है और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

ग्रामीण राहुल दयाल, रामेश्वर सिंह, सुरेंद्र राम, संजय राम और दशरथ राम सहित अन्य लोगों ने विधायक को बताया कि समस्या के समाधान की मांग करने पर क्रशर संचालक अंजनी सिंह की ओर से उन्हें धमकियां दी जा रही हैं। राहुल दयाल और दशरथ राम ने 20 जुलाई को रंका थाना में जान से मारने और घर से उठा लेने की धमकी की लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पहले ही उपायुक्त और जिला खनन पदाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन न्याय नहीं देता है तो वे पिछड़ा आयोग का भी दरवाजा खटखटाएंगे।
विधायक बोले- विधानसभा में उठाऊंगा मामला
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि मामला गंभीर है और किसी भी ग्रामीण के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे उपायुक्त (डीसी) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से इस मामले पर बातचीत करेंगे तथा जरूरत पड़ने पर इसे विधानसभा में भी उठाएंगे।
विधायक ने कहा कि जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि रंका क्षेत्र में कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन कर क्रशर प्लांटों को एनओसी दिलाई गई, जिसका खामियाजा आज स्थानीय ग्रामीण भुगत रहे हैं। उन्होंने रंका और रमकंडा प्रखंड में अवैध रूप से संचालित क्रशर प्लांटों की सरकारी जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही जिला प्रशासन को निष्पक्ष होकर कार्य करने की सलाह भी दी।






