रमकंडा दुर्गा मंदिर में दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर नई समिति गठित, सुरेश सोनी बने अध्यक्ष
गढ़वा जिले के रमकंडा प्रखंड मुख्यालय के बिचला टोला स्थित दुर्गा मंदिर में श्री दुर्गा पूजा महोत्सव-2026 के सफल आयोजन को लेकर आम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सनोज प्रसाद ने की। बैठक में ग्रामीणों एवं पूजा समिति के सदस्यों की मौजूदगी में पुरानी समिति को भंग कर वर्ष 2026 के लिए नई पूजा समिति का गठन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से सुरेश सोनी को पूजा समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं दया श्रीवास्तव को सचिव, रमेश चौधरी को सह सचिव, गुलशन कुमार एवं शंभू कुमार को उपाध्यक्ष तथा रामप्रवेश राम एवं मिथलेश गुप्ता को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा डॉ. प्रकाश गुप्ता, श्रवण प्रसाद एवं कमलापुरी को महामंत्री बनाया गया। चंदा प्रभारी के रूप में उमाशंकर प्रसाद, जितेंद्र यादव, राजू कुमार, जुगेंद्र सिंह, मुकेश यादव, अमित ठाकुर सहित अन्य सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई। सफाई मंत्री के रूप में अंकित रजक, हिमांशु कुमार, राहुल ठाकुर, सिंटू गुप्ता एवं दिलीप कुमार को चुना गया। वहीं सनोज प्रसाद एवं मनोज प्रसाद को पूजा मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।

समिति के संरक्षक के रूप में केदारनाथ प्रसाद, गणेश साव एवं राजीव रंजन पांडेय को शामिल किया गया।
एकम से नवमी तक होगा प्रवचन
बैठक में दुर्गा पूजा महोत्सव को आकर्षक एवं भव्य बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। महोत्सव के दौरान एकम से नवमी तक प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सुरेश शास्त्री श्रद्धालुओं को प्रवचन देंगे। वहीं पूजा-अर्चना के लिए आचार्य के रूप में संतोष जी महाराज के शामिल होने की बात कही गई।
विजयादशमी पर रावण दहन
विजयादशमी के अवसर पर हाई स्कूल मैदान में समिति के युवा सदस्यों द्वारा रावण दहन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा।
बैठक में पूजा परिसर में साउंड, लाइट एवं आकर्षक विद्युत सज्जा की व्यवस्था समय पर पूरा करने पर जोर दिया गया। संध्या आरती के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए विशेष व्यवस्था करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक के अंत में ग्रामीणों एवं पूजा समिति के सदस्यों ने सामूहिक सहयोग से श्री दुर्गा पूजा महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।






