मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव: महापौर पद के लिए 13 दावेदार, अंतिम दिन 5 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा
मेदिनीनगर: निकाय चुनाव (आम)-2026 के नामांकन के अंतिम दिन बुधवार को मेदिनीनगर नगर निगम में राजनीतिक सरगर्मी तेज नजर आई। महापौर पद के लिए बुधवार को पांच उम्मीदवारों ने निर्वाची पदाधिकारी एवं अपर समाहर्ता Kundan Kumar के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
बुधवार को नामांकन करने वालों में Dr Shweta Vikas,Megha Shri Ram Kumar Singh,Jai Shri Gupta, Rizwana Khatoon और Sheela Kumari शामिल हैं।
चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार महापौर पद के लिए अब तक कुल 13 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। जबकि कुल 18 लोगों ने नामांकन पर्चा खरीदा था, जिनमें से 5 उम्मीदवारों ने अंतिम समय तक पर्चा दाखिल नहीं किया।
निर्वाचन कार्यक्रम के मुताबिक, सभी नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी गुरुवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक की जाएगी।
उधर नगर निगम के 35 वार्डों के लिए भी बुधवार को नामांकन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। अंतिम दिन 46 उम्मीदवारों ने वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया। वहीं अब तक कुल 194 उम्मीदवार वार्ड चुनाव के लिए पर्चा भर चुके हैं।
नामांकन के दौरान प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थक और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला परिसर में दिनभर चहल-पहल बनी रही और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजर स्क्रूटनी और नाम वापसी की तारीख पर टिकी है। इसके बाद चुनावी तस्वीर और साफ होगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव को लेकर प्रचार तेज हो जाएगा।








