रांची में राहुल सिंह गैंग का आतंक, अस्पताल के बाहर फायरिंग से दहशत, CCTV में कैद वारदात
रांची:राजधानी रांची में कुख्यात राहुल सिंह गैंग पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग और खुलेआम धमकी देना अब इस गैंग का पैटर्न बनता जा रहा है। ताजा मामला बीआईटी मेसरा ओपी क्षेत्र का है, जहां विकास हॉस्पिटल के बाहर एक बाइक सवार अपराधी ने ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी।घटना बुधवार शाम करीब 5 बजे की है। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार अपराधी अचानक अस्पताल के गेट के पास पहुंचा और फायरिंग करने के बाद मौके से फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि अपराधी फायरिंग के बाद रामगढ़ रोड की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही बीआईटी मेसरा ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
कार शोरूम संचालक को मिली धमकी
हालांकि फायरिंग अस्पताल के बाहर की गई, लेकिन धमकी ठीक बगल में स्थित एक कार शोरूम के संचालक को दी गई है। राहुल सिंह गैंग की ओर से सोशल मीडिया पर प्रेस रिलीज जारी कर शोरूम मालिक को चेतावनी दी गई है कि अगर गैंग से “मैनेज” नहीं किया गया तो अगली बार हमला सीधे उन पर और उनके परिवार पर होगा।प्रेस रिलीज में यह भी दावा किया गया है कि गैंग के पास रांची से पलामू और पटना तक की पूरी जानकारी मौजूद है और जरूरत पड़ने पर एके-47 जैसे हथियारों से बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता है।
पुलिस का बयान
सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने फायरिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ की गई है, हालांकि उन्होंने किसी भी तरह की रंगदारी या धमकी से इनकार किया है।फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधी की पहचान में जुटी है।







