गढ़वा में भूमि विवाद में वृद्ध की हत्या: चार आरोपी गिरफ्तार, खून लगा कुल्हाड़ी बरामद
गढ़वा: जिले के बरगढ़ थाना क्षेत्र के हेसातु गांव के दुबियाठी टोला में 1 मार्च को हुई 60 वर्षीय सूर्यदेव यादव की हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में हेसातु गांव के दुबियाठी टोला निवासी रामकिशुन यादव, राजु यादव, छोटू यादव एवं संतोष यादव शामिल हैं।
प्रेसवार्ता में रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने बताया कि अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि भूमि विवाद को लेकर सूर्यदेव यादव की लाठी-डंडे एवं कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी लंगड़ी देवी तथा पुत्र महेश यादव, गणेश यादव और रमेश यादव भी घायल हो गए थे।

एसडीपीओ ने बताया कि आपसी विद्वेष के कारण आरोपी रामकिशुन यादव और उसकी पत्नी कौलिया देवी ने सूर्यदेव यादव की तीन बकरियों को जहर देकर मार डाला था। इसकी सूचना सूर्यदेव यादव ने मुखिया को दी थी। मुखिया द्वारा मृत बकरियों की तस्वीर मांगे जाने पर जब सूर्यदेव यादव फोटो खींच रहे थे, तभी आरोपियों ने कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खून लगा कुल्हाड़ी एवं लाठी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।






