खर्चा के पैसे को लेकर विवाद में पलामु में युवक की हुई थी हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के चेड़ाबार गांव के समीप कोयल नदी से बरामद युवक के शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी पलामू एसपी रिश्मा रमेशन ने प्रेसवार्ता में दी है
जानकारी के अनुसार 28 फरवरी 2026 को ग्राम चेड़ाबार के पास कोयल नदी किनारे झाड़ियों में छिपाया गया एक शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान युगेश सिंह (पिता– कृष्णा सिंह, निवासी करचा, थाना नावाबाजार, जिला पलामू) के रूप में हुई थी। वह चेड़ाबार निवासी तिरधारी सिंह का दामाद बताया गया है। इस संबंध में मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर चैनपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

एसपी के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान 5 मार्च 2026 को मुख्य आरोपी शिवपुजन सिंह उर्फ शिव कुमार सिंह (28 वर्ष) तथा जय प्रकाश सिंह उर्फ हुड़िया (23 वर्ष), दोनों निवासी चेड़ाबार,थाना चैनपुर,को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 27 फरवरी की रात करीब 8:30 बजे उन्होंने खर्चा के लिए पैसे मांगे, जिसे लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने युगेश सिंह को कोयल नदी किनारे ले जाकर लोहे के फाइटर (पंच) से मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नदी किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।
झड़प के दौरान मृतक का जींस और जूता खुल गया था, जिसे आरोपियों ने नदी में छिपा दिया। साथ ही मृतक का बैग भी नदी में फेंक दिया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे का फाइटर, मृतक का बैग और जूता बरामद कर लिया है। घटनास्थल से एक मफलर और चप्पल भी बरामद हुआ है, जिसे मुख्य आरोपी ने अपना बताया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले की आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गढ़वा में भूमि विवाद में वृद्ध की हत्या: चार आरोपी गिरफ्तार, खून लगा कुल्हाड़ी बरामद






