गढ़वा में सड़क हादसे के बाद अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने की तोड़फोड़; सरकारी संपत्ति को नुकसान
गढ़वा: जिले के भंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को इलाज के लिए लाए परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ कर दी। इस घटना में सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।
मिली जानकारी के अनुसार, भंडरिया-सिंजो मुख्य मार्ग पर जोनहीखाड़ गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में जनेवा गांव निवासी करीब 50 वर्षीय रामचंद्र ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए भंडरिया सामुदायिक सवास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे, जिससे इलाज में देरी हुई। इसी बात को लेकर वे आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करते हुए तोड़फोड़ करने लगे। इस दौरान मुख्य गेट और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए गए। बायोमेट्रिक मशीन समेत अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही भंडरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुभाष कुमार ने बताया कि अभी तक कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अस्पताल कर्मियों का कहना है कि घायल के पहुंचते ही इलाज शुरू कर दिया गया था, लेकिन परिजन डॉक्टर को खोजते हुए अचानक आक्रोशित हो गए और तोड़फोड़ करने लगे। पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।घटना के बाद अस्पताल कर्मियों में भय और असुरक्षा का माहौल देखा जा रहा है।
गढ़वा में भूमि विवाद में वृद्ध की हत्या: चार आरोपी गिरफ्तार, खून लगा कुल्हाड़ी बरामद






