झारखण्ड में आज से छाएंगे बादल, सात से 10 मार्च तक 11 जिलों में बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट
रांची: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 9 मार्च को राज्य के 11 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 6 मार्च से ही दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल छाने लगेंगे, जबकि 7 से 10 मार्च के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान कई जिलों में गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। राजधानी रांची में इसका असर अपेक्षाकृत कम रहेगा, लेकिन 9 मार्च को यहां हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं।

इन जिलों में बारिश की संभावना
7 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में हल्की बारिश हो सकती है।
वहीं 8 और 9 मार्च को राज्य के करीब 14 जिलों में हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार कोडरमा, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, गिरिडीह, दुमका, हजारीबाग, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और धनबाद जिलों में गर्जन के साथ बारिश की संभावना है।
तापमान 30 डिग्री के पार
गुरुवार को राज्य के 12 जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
सबसे अधिक तापमान चाईबासा (36.4°C) और सरायकेला (36°C) में रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रांची, जमशेदपुर, डाल्टनगंज, बोकारो, देवघर, सिमडेगा, गुमला और खूंटी में भी तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30.4°C और न्यूनतम 15.2°C दर्ज किया गया।
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी
मौसम वैज्ञानिक Abhishek Anand के अनुसार बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण झारखंड में मौसम में बदलाव हो रहा है। उन्होंने बताया कि 6 मार्च से बादल छाने शुरू होंगे और 7 से 10 मार्च के बीच कई जिलों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसमी बीमारियों का खतरा
मौसम में लगातार बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम, खांसी और वायरल बुखार के मामले भी बढ़ने लगे हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को मौसम से जुड़ी बीमारियों का खतरा अधिक हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। हल्की बारिश के बावजूद लोगों को गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की संभावना नहीं है।






