गढ़वा नगर परिषद अध्यक्ष व पार्षदों ने ली शपथ, विकास व जनसेवा का लिया संकल्प
गढ़वा: समाहरणालय के सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव ने मंगलवार को गढ़वा नगर परिषद (वर्ग-ख) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी सहित सभी वार्ड पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर सभागार में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
उपायुक्त ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अध्यक्ष एवं पार्षद मिलकर शहर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु समर्पित भाव से कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद का मुख्य उद्देश्य न केवल प्रशासनिक कार्यों का सुचारु संचालन है, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना भी है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में अनिता प्रसाद ने सौरभ सिंह को पराजित कर जीत हासिल की। इसके पश्चात अपर समाहर्ता-सह-निर्वाची पदाधिकारी राज महेश्वरम ने निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया, वहीं अध्यक्ष आशीष कुमार सोनी उर्फ दौलत सोनी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) प्रमेश कुशवाहा, अंचल अधिकारी मेराल यशवंत नायक, अंचल अधिकारी रंका शिवपुजन तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
गढ़वा में एसडीएम की छापेमारी में 70 एलपीजी सिलेंडर जब्त,कालाबाजारी के आरोप में प्राथमिकी का निर्देश






