गढ़वा में दो घरों में बड़ी चोरी, नकद व गहनों समेत लाखों की संपत्ति पार
गढ़वा जिले के मझिआंव नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-4 स्थित मझिआंव खुर्द गांव में बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने दो घरों में घुसकर करीब 1 लाख रुपये नकद सहित लगभग 5 लाख रुपये के गहनों की चोरी कर ली। घटना राधा कृष्ण बालिका उच्च विद्यालय के समीप मुख्य सड़क किनारे हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, भुक्तभोगी अरविंद कुमार की पत्नी सविता देवी ने बताया कि वह बुधवार की शाम अपने पुत्र के साथ सोनपुरवा गांव एक पारिवारिक कार्यक्रम में गई थीं। गुरुवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर देखा कि मुख्य ग्रिल का ताला टूटा हुआ है और गोदरेज में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो चुके हैं। गहनों की कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है।

वहीं पास के ही दूसरे घर में रहने वाले रामरेखा मेहता के पुत्र विकास मेहता ने बताया कि उनकी मां का इलाज वाराणसी में चल रहा है और पिता भी वहीं हैं। वह घर में अकेले थे, लेकिन डर के कारण दोस्त के घर सोने चले गए थे। सुबह लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और गोदरेज से 80 हजार रुपये नकद सहित करीब 3 लाख रुपये के गहनों की चोरी हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसआई संजय मुंडा एवं चंदन प्रधान ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है।
पीड़ित परिवारों ने बताया कि चोरी में उनकी वर्षों की जमा पूंजी चली गई, जिससे वे सदमे में हैं। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
इधर सूचना मिलते ही नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और क्षेत्र को भयमुक्त बनाने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले भी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिसमें दुकानों से लाखों रुपये की चोरी हुई थी। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में आक्रोश है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।





