श्री बंशीधरनगर में शपथ ग्रहण: साधना देवी अध्यक्ष, संध्या देवी बनीं उपाध्यक्ष
गढ़वा:जिले के श्री बंशीधरनगर नगर पंचायत में गुरुवार को लोकतांत्रिक परंपराओं का भव्य आयोजन देखने को मिला,जब नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों की औपचारिक शुरुआत की। अनुमंडल सभागार में आयोजित समारोह में उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) दिनेश यादव ने नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी सहित सभी वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई।
समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त दिनेश यादव ने सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे संविधान के अनुरूप अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करें। उन्होंने नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करने पर जोर दिया।

शपथ ग्रहण के बाद नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया, जिसमें संध्या देवी ने 13 मत प्राप्त कर रंजन कुमार को पराजित किया, जिन्हें 4 मत मिले।
निर्वाची पदाधिकारी सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार प्रसाद ने संध्या देवी को विजयी घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया। इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, प्रखंड विकास पदाधिकारी रौशन कुमार, अंचल अधिकारी विकास कुमार सिंह सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गढ़वा के रकसी के पीएम श्री मध्य विद्यालय में खेल व सांस्कृतिक महोत्सव का भव्य समापन





