गढ़वा में उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक:राजस्व बढ़ाने और अवैध शराब पर सख्ती के निर्देश
गढ़वा: जिले के समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी दिनेश यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को उत्पाद विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में राजस्व संग्रह की प्रगति, खुदरा उत्पाद दुकानों के संचालन एवं अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार फरवरी 2026 तक राजस्व संग्रह में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के मुकाबले वसूली संतोषजनक पाई गई, जिस पर उपायुक्त ने संतोष जताते हुए इसे और बेहतर करने के निर्देश दिए।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले में संचालित 41 खुदरा उत्पाद दुकानों में से 32 दुकानों के नवीनीकरण के लिए आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि शेष 9 दुकानों की बंदोबस्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। कुछ मामलों में अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई भी की गई है।
उपायुक्त ने मंदिरों, धार्मिक स्थलों और विद्यालयों के आसपास स्थित शराब दुकानों के नियमित निरीक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साथ ही झारखंड उत्पाद आयुक्त, रांची के निर्देशों के आलोक में जिलेभर में अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में नियमित छापेमारी, प्रमुख सड़कों पर 24×7 जांच अभियान तथा अवैध परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने उत्पाद एवं पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, ढाबों एवं लाइन होटलों की नियमित जांच, सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा, जिला उत्पाद अधीक्षक संजीत कुमार देव, निर्मल मरांडी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
गढ़वा में सरहुल पर्व पर भव्य आयोजन, उपायुक्त ने आदिवासी समुदाय को किया सम्मानित




