गढ़वा के मरघट नाला में चेकडैम निर्माण का शिलान्यास, जल संकट से मिलेगी बड़ी राहत
गढ़वा:जिले के रमकंडा प्रखंड के हरहे पंचायत अंतर्गत मरघट नाला केरवा गांव में वर्षों से चली आ रही जल संकट और आवागमन की समस्या के समाधान की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। यहां पक्के चेकडैम निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव एवं वनपाल विवेक राज ने संयुक्त रूप से विधिवत शिलान्यास किया।

ग्रामीणों ने बताया कि श्मशानघाट में पानी की कमी के कारण अंतिम संस्कार जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। चेकडैम निर्माण से न केवल श्मशानघाट में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, बल्कि क्षेत्र में जल संचयन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने कहा कि यह योजना ग्रामीणों की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। इससे जल संकट दूर होने के साथ-साथ किसानों को सिंचाई में भी लाभ मिलेगा।
वहीं वनपाल विवेक राज ने कहा कि चेकडैम निर्माण से जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी यह सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, शंकर अग्रवाल, राजीव रंजन कुमार (इंजीनियर), मृत्युंजय कुमार दुबे, सेठा प्रसाद, राजीव भुइया एवं दशरथ भुइया सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे उनकी लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान होगा।।





