गढ़वा में ऑटो से टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम
गढ़वा: जिले के मेराल थाना क्षेत्र के पेशका गांव में ऑटो और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चिनिया थाना क्षेत्र के बिलैयतीखैर गांव निवासी शिवनारायण साव के 35 वर्षीय पुत्र अजय कुमार साव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार अजय कुमार साव अपने भाई मनोज साव के साथ किसी काम से मोटरसाइकिल से गढ़वा जा रहा था। इसी दौरान पेशका गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ऑटो से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल अजय को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे इलाज के लिए रांची ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इसके बाद परिजन शव को लेकर पुनः गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।







