कोरवा जनजाति के बीच पहुंचीं श्रीजया कुमारी, किया सामाजिक एवं शैक्षणिक अध्ययन
गढ़वा:जिले के बड़गड़ प्रखंड मुख्यालय स्थित कोरहटी टोला में मंगलवार को हार्मोनी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के संस्थापक कुमार विवेक भवानी सिंह की पुत्री एवं मायो कॉलेज गर्ल्स स्कुल की छात्रा श्रीजया कुमारी ने कोरवा जनजाति के बीच पहुंचकर शैक्षणिक एवं सामाजिक अध्ययन किया।
इस अध्ययन का मुख्य उद्देश्य भारत की आदिवासी एवं स्वदेशी जनजातियों के जीवन, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था को करीब से समझना था। अध्ययन के दौरान श्रीजया कुमारी ने जनजातीय परिवारों से मुलाकात कर उनके रहन-सहन, खान-पान, पारंपरिक रीति-रिवाज, शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक जीवन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।

उन्होंने महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी दैनिक जीवनशैली, चुनौतियों और सामाजिक परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया। इस दौरान स्थानीय लोगों के साथ आत्मीय संवाद का माहौल बना रहा।
श्रीजया कुमारी ने कहा कि जनजातीय समाज भारत की सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इनके जीवन मूल्य, प्रकृति के प्रति जुड़ाव और सामाजिक एकता से समाज को बहुत कुछ सीखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह का अध्ययन युवाओं में सामाजिक संवेदनशीलता और विविधता को समझने की सोच विकसित करता है।
वहीं कोरवा समुदाय के लोगों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और जीवन शैली से जुड़ी कई जानकारियां साझा कीं।
यह शैक्षणिक एवं सामाजिक अध्ययन जनजातीय समुदायों के जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच आपसी समझ एवं सामंजस्य को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।






