बूढ़ा पहाड़ पहुंच स्पेशल डीजी दीपक कुमार ने लिया विकास और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

Share this:

बूढ़ा पहाड़ पहुंच स्पेशल डीजी दीपक कुमार ने लिया विकास और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

गढ़वा: सीआरपीएफ के स्पेशल डीजी दीपक कुमार ने मंगलवार को गढ़वा जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित बूढ़ा पहाड़ कैंप का दौरा कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा पर स्थित बूढ़ा पहाड़ कभी नक्सलियों का मजबूत गढ़ माना जाता था, लेकिन अब यह क्षेत्र विकास और शांति की नई पहचान बनता जा रहा है।

दौरे के दौरान स्पेशल डीजी ने जिला पुलिस एवं सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने अपने साहस और समर्पण से क्षेत्र में शांति स्थापित करने में बड़ी सफलता हासिल की है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी चुनौती पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है और नक्सल गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखने की आवश्यकता है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, जवानों की तैनाती, ऑपरेशनल तैयारियों तथा विकास कार्यों की समीक्षा की। साथ ही राज्य सरकार द्वारा संचालित “बूढ़ा पहाड़ डेवलपमेंट योजना” के तहत सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से संबंधित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

स्पेशल डीजी ने कहा कि पहले जहां लोग भय के माहौल में जीवन जीने को मजबूर थे, वहीं अब प्रशासन, गढ़वा पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयास से यहां के लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल रहा है और विकास की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।

इस दौरान आईजी सीआरपीएफ साकेत कुमार, डीआईजी सीआरपीएफ पंकज कुमार, डीआईजी पलामू किशोर कौशल, गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर, एसडीपीओ रंका रोहित रंजन सिंह, भंडरिया पुलिस निरीक्षक सुभाष कुमार पासवान, बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।

निरीक्षण के बाद सभी अधिकारी गढ़वा स्थित सीआरपीएफ 172 बटालियन मुख्यालय पहुंचे, जहां सैनिक सम्मेलन कार्यक्रम में भाग लिया गया।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score