पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश में वारंटी ने पलटी पुलिस वैन,कई जवान घायल
गढ़वा:जिले के खरौंधी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरोरा स्थित गैस गोदाम के पास मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। पुलिस हिरासत में ले जाए जा रहे एक वारंटी ने भागने की कोशिश में पुलिस वैन का स्टेयरिंग मोड़ दिया, जिससे तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री बंशीधर नगर के डीएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम मझिगवां पंचायत से वारंटी मनोज पासवान को गिरफ्तार कर थाना लौट रही थी। इसी दौरान अमरोरा मोड़ के पास पीछे बैठे आरोपी ने अचानक चालक के हाथ से स्टेयरिंग छीनकर जोर से मोड़ दिया। आरोपी की मंशा वाहन दुर्घटनाग्रस्त कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने की थी।

स्टेयरिंग मुड़ते ही पुलिस वैन सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में हवलदार राम प्रसाद महतो और चालक रिंकू जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआई सिल्वेस्टर कच्छप समेत तीन अन्य पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।
दुर्घटना के बाद घायल वारंटी मनोज पासवान मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन घायल अवस्था में भी एएसआई सिल्वेस्टर कच्छप और अन्य आरक्षियों ने साहस दिखाते हुए उसे दोबारा पकड़ लिया।
घटना की सूचना मिलने पर पहुंची दूसरी पुलिस टीम ने आरोपी को कब्जे में लेकर थाना भेज दिया। वहीं स्थानीय टेम्पो चालक कामेश्वर यादव और अन्य लोगों की मदद से वैन में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला गया।
हवलदार राम प्रसाद महतो के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एवं चालक रिंकू जोशी को बेहतर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया है। हालाकी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






