गढ़वा-पलामू में आंधी-तूफान का कहर: पेड़ गिरने से तीन की मौत, कई घायल, बिजली व्यवस्था ठप

Share this:

गढ़वा-पलामू में आंधी-तूफान का कहर: पेड़ गिरने से तीन की मौत, कई घायल, बिजली व्यवस्था ठप

गढ़वा/पलामू: बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान ने गढ़वा और पलामू जिले में भारी तबाही मचा दी। तेज हवा और बारिश के कारण कई जगहों पर पेड़ गिर गए, जिससे अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है और जनजीवन प्रभावित हुआ है।

गढ़वा नगर परिषद क्षेत्र के टडवा वार्ड नंबर-21 थल रोड में पेड़ गिरने से अशोक कुमार उर्फ गुडू मेहता (35 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। बताया गया कि बुधवार रात करीब 8 बजे वह अपने घर के पास गाय का दूध निकाल रहे थे। इसी दौरान तेज आंधी और बारिश के बीच अचानक एक विशाल पेड़ गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से अशोक कुमार और उनकी गाय दोनों दब गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं गढ़वा एसडीओ संजय कुमार और नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी ने भी घटना पर दुख जताया।

इधर पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में भी तेज तूफान के कारण बड़ा हादसा हुआ। औरंगाबाद जिले के तिवारीडीह निवासी 50 वर्षीय रामदेव चंद्रवंशी की पेड़ गिरने से मौत हो गई, जबकि अनिल चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार रामदेव चंद्रवंशी एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। तबीयत खराब होने पर अनिल चंद्रवंशी उन्हें बाइक से इलाज कराने हैदरनगर ले गए थे। इलाज के बाद लौटने के दौरान मरघटिया रोड पर तेज तूफान के बीच पीपल का विशाल पेड़ अचानक बाइक पर गिर पड़ा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रामदेव चंद्रवंशी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल अनिल चंद्रवंशी को बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर किया गया है।

वहीं लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नौडीहा इलाके में भी तेज आंधी और बारिश के दौरान बड़ा हादसा हुआ। अचानक एक विशाल पेड़ गिरने से सुनील राम के पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उधर मेदिनीनगर के सिंगरा खुर्द इलाके में रेलवे ट्रैक पर पीपल का पेड़ गिरने से रेलवे की थर्ड लाइन पर परिचालन कुछ देर के लिए बाधित हो गया। रेलवे अधिकारियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ हटाकर परिचालन सामान्य कराया।

आंधी-तूफान के बाद गढ़वा और पलामू के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। प्रशासन और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score