गढ़वा में अंचल ऑपरेटरों का ट्रांसफर मामले ने पकड़ा तुल, विधायक प्रतिनिधि ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
गढ़वा: गढ़वा जिले के अंचल कार्यालयों में कार्यरत छह कंप्यूटर ऑपरेटरों के स्थानांतरण का मामला तूल पकड़ते जा रहा है। इस मामले में गढ़वा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के विधायक प्रतिनिधि रामजी पासवान ने शनिवार को उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा को आवेदन सौंपकर तत्कालीन अपर समाहर्ता राज महेश्वरम द्वारा किए गए स्थानांतरण आदेश को निरस्त करने की मांग की है।
आवेदन में कहा गया है कि तत्कालीन उपायुक्त ने 14 मार्च को प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यहित को ध्यान में रखते हुए अंचल कार्यालयों में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों का स्थानांतरण किया था। लेकिन इसके महज दो माह बाद 23 मई को तत्कालीन अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने अपने स्तर से नया आदेश जारी कर पूर्व स्थानांतरण आदेश को प्रभावी रूप से बदलते हुए छह कंप्यूटर ऑपरेटरों का पुनः स्थानांतरण कर दिया।

विधायक प्रतिनिधि ने इस कार्रवाई को अनुचित और प्रशासनिक व्यवस्था के विपरीत बताते हुए कहा कि अपर समाहर्ता द्वारा उपायुक्त के आदेश को निरस्त करना न केवल सवाल खड़े करता है, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रिया की गंभीरता पर भी असर डालता है। उन्होंने उपायुक्त से मामले की जांच कर 23 मई को जारी स्थानांतरण आदेश को तत्काल रद्द करने तथा पूर्व व्यवस्था को बहाल करने की मांग की है। इससे जिले के प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।






