गढ़वा: राशन कार्ड बनवाने गई विधवा ने लगाया यौन शोषण का आरोप, आपूर्ति विभाग के नाजिर पर गंभीर शिकायत
गढ़वा: गढ़वा जिला आपूर्ति कार्यालय में कार्यरत एक नाजिर पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। एक विधवा महिला ने उपायुक्त को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला का आरोप है कि वर्ष 2023 में वह राशन कार्ड बनवाने के लिए जिला आपूर्ति कार्यालय पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात विभाग में कार्यरत नाजिर अजय कुमार से हुई। महिला का कहना है कि राशन कार्ड संबंधी प्रक्रिया के बाद अजय कुमार ने उसका मोबाइल नंबर लेकर संपर्क बढ़ाया और उसकी आर्थिक व पारिवारिक स्थिति का लाभ उठाते हुए सहायता का भरोसा दिलाया।

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2024 में अजय कुमार ने उसे मंगल भवन के पास स्थित एक कमरे में बुलाया, जहां शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का दावा है कि बाद में कुंभ मेले के दौरान दोनों ने शादी भी की और कुछ समय तक पति-पत्नी की तरह साथ रहे।
महिला ने आरोप लगाया है कि हाल ही में उसे पता चला कि अजय कुमार किसी अन्य महिला के साथ रह रहा है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। इसके बाद उसने उपायुक्त से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
वहीं, अजय कुमार ने महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि महिला कार्यालय में राशन कार्ड बनवाने आई थी और मानवीय आधार पर उसकी मदद की गई थी। उन्होंने शादी और यौन शोषण के आरोपों से भी इनकार किया है।
फिलहाल मामले में शिकायत प्रशासन तक पहुंच चुकी है और जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।






