संदेह में दो युवकों की बेरहमी से पिटाई, पुलिस की तत्परता से बची जान,मछली पकड़कर लौट रहे थे दोनों युवक
गढ़वा: जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र में संदेह के आधार पर दो युवकों की ग्रामीणों द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस और परिजनों की तत्परता से दोनों युवकों की जान बच सकी। गंभीर रूप स घायल दोनों का मंगलवार की शाम प्राथमिक उपचार भंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराने के बाद बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बड़गड़ थाना क्षेत्र के उगरा गांव निवासी कुदुस अंसारी के 35 वर्षीय पुत्र खुर्शीद अंसारी तथा अलीहसन अंसारी के 40 वर्षीय पुत्र वसीम अंसारी गढ़वा-लातेहार सीमा पर स्थित मंडल डैम में मछली पकड़ने गए थे। देर शाम घर लौटने के दौरान वे सांगाली गांव पहुंचे। इसी बीच भजना गांव के कुछ ग्रामीणों ने उन्हें बाहरी एवं संदिग्ध समझकर रोक लिया। पूछताछ के बाद संदेह के आधार पर दोनों की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

देर रात तक दोनों युवक घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो उठे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चलने पर बड़गड़ थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने परिजनों के साथ तलाश अभियान शुरू किया।
तलाशी के दौरान दोनों युवक भंडरिया थाना क्षेत्र के जंगल में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने तत्काल उन्हें बरामद कर भंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सिर एवं शरीर पर गंभीर चोटों को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर मामले की जांच कर रही है। दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति पर केवल संदेह के आधार पर कानून हाथ में न लें, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचना दें।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि मौखिक सूचना मिलने पर दोनों घायलों को बरामद कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि परिजनों अथवा ग्रामीणों की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर मामले की सभी पहलुओं से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।






