हरहे पंचायत में एसआईआर जागरूकता अभियान तेज, मुखिया ने शत-प्रतिशत फॉर्म भरने की अपील
गढ़वा:आगामी निर्वाचन को लेकर मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत रमकंडा प्रखंड की हरहे पंचायत में व्यापक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंचायत के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बीएलओ की मौजूदगी में मतदाताओं से एसआईआर प्रपत्र भरवाए गए तथा उन्हें मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं।
अभियान के दौरान झामुमो नेता एवं हरहे पंचायत के मुखिया श्रवण प्रसाद कमलापुरी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती सही एवं अद्यतन मतदाता सूची पर निर्भर करती है। इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे समय रहते अपना एसआईआर फॉर्म भरकर जमा करें और इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

मुखिया ने बीएलओ को सरकार एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करते हुए घर-घर जाकर एसआईआर प्रपत्र वितरित करने, मतदाताओं को आवश्यक जानकारी देने तथा फॉर्म भरने में हरसंभव सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत का लक्ष्य शत-प्रतिशत पात्र मतदाताओं का एसआईआर प्रपत्र भरवाना है और इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों से भी आह्वान किया कि वे अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को इस अभियान के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और एसआईआर प्रपत्र भरकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया। मौके पर अजय सिंह सहित कई ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






