शिक्षक दीपक कुजूर हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, एक आरोपी गिरफ्तार;अन्य की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी जारी
गढ़वा:जिले के बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल स्थित ललमटिया मोड़ के समीप हुए शिक्षक दीपक कुजूर हत्याकांड में पुलिस को पहली बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के बाद लगातार चल रही जांच और छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने मामले में संलिप्त एक आरोपी परवेज आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बड़गड़ थाना कांड संख्या-24/26 (दिनांक 20 जुलाई 2026) में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 61(2), 238 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी परवेज आलम, पिता अब्दुल हई, निवासी कुंड मुहल्ला, डालटनगंज से पूछताछ के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

गौरतलब है कि सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ प्रखंड अंतर्गत नानेसेरा-मंगरकुड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय सरकारी शिक्षक दीपक कुजूर की बीते रविवार को उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपनी सास को रमकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव छोड़कर बाइक से वापस लौट रहे थे। सालो जंगल स्थित ललमटिया मोड़ के पास दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।
रंका डीएसपी रोहित रंजन सिंह ने बताया कि शिक्षक हत्याकांड में एक आरोपी की गिरफ्तारी कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का उद्भेदन कर दिया जाएगा।






