हरहे पंचायत में 1200 फलदार व छायादार पौधों का वितरण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
गढ़वा : जिले के रमकंडा प्रखंड के हरहे पंचायत भवन परिसर में रविवार को ग्रामीणों के बीच फलदार एवं छायादार कुल 1200 पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कोंनगड़ी एवं हरहे पंचायत के मुखिया श्रवण प्रसाद कमलापुरी ने संयुक्त रूप से ग्रामीणों के बीच पौधे वितरित किए।
वितरित किए गए पौधों में काजू, अमरूद, आँवला, सागवान, शीशम सहित अन्य प्रजातियों के पौधे शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ-साथ ग्रामीणों को फलदार पौधों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

इस अवसर पर बीडीओ संजय कोंनगड़ी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधारोपण कर ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण दिया जा सकता है। उन्होंने लाभुकों से पौधों का रोपण करने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक लाभ भी प्रदान कर सकें।
वहीं हरहे पंचायत के मुखिया श्रवण प्रसाद कमलापुरी ने कहा कि पंचायत को हरा-भरा और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि फलदार एवं छायादार पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ ग्रामीणों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों से पौधों को परिवार के सदस्य की तरह संरक्षण देने और उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में अजय सिंह, महादेव प्रसाद सहित पंचायत के कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






