India vs New Zealand ODI Series: विकेटकीपर को लेकर बड़ा फैसला संभव, पंत बाहर – ईशान को मिल सकता है मौका

Share this:

India vs New Zealand ODI Series: विकेटकीपर को लेकर बड़ा फैसला संभव, पंत बाहर – ईशान को मिल सकता है मौका

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला जीतकर आत्मविश्वास से भरी भारतीय टीम अब न्यूजीलैंड के विरुद्ध अपनी ताकत आजमाने के लिए तैयार है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला की शुरुआत 11 जनवरी से होने जा रही है। इस श्रृंखला से पहले टीम चयन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, खासतौर पर विकेटकीपर बल्लेबाज को लेकर।

सूत्रों के मुताबिक, इस श्रृंखला के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत को टीम से बाहर रखा जा सकता है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में उन्हें टीम में शामिल किया गया था, लेकिन एक भी मुकाबले में खेलने का अवसर नहीं मिला। ऐसे में चयनकर्ता अब बाहर चल रहे ईशान किशन पर भरोसा जता सकते हैं।

ईशान किशन ने घरेलू क्रिकेट में अपने हालिया प्रदर्शन से मजबूत दावा पेश किया है। सैयद मुश्ताक अली ट्राफी में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की और कप्तान के रूप में झारखंड को खिताब दिलाया। इसी दमदार प्रदर्शन के चलते ईशान को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 श्रृंखला और आगामी टी-20 विश्व कप के लिए घोषित भारतीय टीम में भी शामिल किया गया है।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि चयनकर्ता निरंतर खेल रहे खिलाड़ियों को प्राथमिकता दे सकते हैं, ऐसे में एकदिवसीय प्रारूप में भी ईशान को मौका मिलना तय माना जा रहा है।

टेस्ट टीम को लेकर भी मंथन तेज

वनडे और टी-20 क्रिकेट में भारत को कई बड़ी ट्राफियां दिलाने वाले कोच गौतम गंभीर का रिकॉर्ड सीमित ओवरों के प्रारूप में शानदार रहा है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में हालिया नतीजों ने बोर्ड की चिंता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला हारने के बाद बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने अनौपचारिक रूप से पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण से टेस्ट टीम का कोच बनने को लेकर बातचीत की थी।

हालांकि, लक्ष्मण ने बेंगलुरु स्थित उत्कृष्टता केंद्र में क्रिकेट प्रमुख की जिम्मेदारी निभाते रहने की इच्छा जताई और प्रस्ताव को आगे नहीं बढ़ाया। फिलहाल बोर्ड टेस्ट टीम के भविष्य को लेकर विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रहा है।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score