Fake IAS Arrested in Palamu: हुसैनाबाद से फर्जी आईएएस अधिकारी गिरफ्तार, 6–7 साल से बनकर घूम रहा था अफसर

Share this:

Fake IAS Arrested in Palamu: हुसैनाबाद से फर्जी आईएएस अधिकारी गिरफ्तार, 6–7 साल से बनकर घूम रहा था अफसर

पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र से एक फर्जी आईएएस अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है, जो पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही गांव का रहने वाला है।

पुलिस के अनुसार, राजेश कुमार 2 जनवरी को हुसैनाबाद थाना पहुंचा था, जहां उसने खुद को 2014 बैच का ओडिशा कैडर का आईएएस अधिकारी बताया। उसने यह भी दावा किया कि वह ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में CAO (Chief Administrative Officer) के पद पर तैनात है।

फर्जीवाड़े का खुलासा उस वक्त हुआ, जब हुसैनाबाद थाना प्रभारी सोनू कुमार चौधरी से उसकी बातचीत के दौरान उसकी पोस्टिंग को लेकर सवाल किए गए। आरोपी ने खुद को भुवनेश्वर, देहरादून और हैदराबाद में कार्यरत बताया। जब थाना प्रभारी ने तीन अलग-अलग राज्यों में पोस्टिंग को लेकर सवाल किया, तो उसके जवाबों में विरोधाभास सामने आया, जिससे पुलिस को शक हुआ।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी कोई भी वैध पहचान पत्र या नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सका। तलाशी के दौरान उसके पास से एक फर्जी आईएएस अधिकारी का पहचान पत्र बरामद किया गया। इसके अलावा आरोपी अपनी गाड़ी पर “Government of India – CAO, Department of Telecommunication” लिखी प्लेट लगाकर घूम रहा था।

हुसैनाबाद के एसडीपीओ मोहम्मद याकूब ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी 6–7 वर्षों से खुद को आईएएस अधिकारी बताकर विभिन्न स्थानों पर प्रभाव जमाने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने यूपीएससी परीक्षा चार बार दी, लेकिन सफल नहीं हो सका। उसके पिता का सपना था कि वह आईएएस बने, उसी दबाव में उसने फर्जी पहचान बनाकर खुद को अफसर बताना शुरू कर दिया।

फिलहाल आरोपी के खिलाफ हुसैनाबाद थाना में गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे नेटवर्क व संभावित ठगी के मामलों की जांच में जुट गई है।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score