Garhwa Murder Case: भवनाथपुर में यात्री शेड से अज्ञात युवक का शव बरामद, गोली मारकर हत्या की आशंका

Share this:

Garhwa Murder Case: भवनाथपुर में यात्री शेड से अज्ञात युवक का शव बरामद, गोली मारकर हत्या की आशंका

गढ़वा: भवनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केतार मुख्य पथ पर स्थित आसना बांध यात्री शेड में अहले सुबह पुलिस ने एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया है। सूचना मिलते ही भवनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है। जांच में सामने आया है कि युवक को कनपटी में गोली मारी गई है, जिससे मामला गंभीर प्रतीत हो रहा है।

घटनास्थल से पुलिस ने अंग्रेजी शराब की बोतल, ग्लास और चावल बरामद किया है। इन वस्तुओं की बरामदगी के बाद घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि मृतक का संबंध किसी ओझा-गुणी से हो सकता है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए श्री बंशीधर नगर के एसडीपीओ सतेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर गुलाब सिंह, केतार थाना प्रभारी संतोष रवानी सहित भवनाथपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवक यहां कैसे पहुंचा और हत्या के पीछे की वजह क्या है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score