Fake Number Plate Scam: फर्जी नंबर प्लेट से स्कूटी चलाने का मामला, असली मालिक के नाम कटे 23 चालान
रांची: राजधानी में फर्जी तरीके से किसी अन्य वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर लगाकर स्कूटी व बाइक चलाने का मामला सामने आया है। इस फर्जीवाड़े का खामियाजा असली वाहन मालिक को भुगतना पड़ रहा है, जिनके नाम पर लगातार ट्रैफिक चालान कट रहे हैं।
करमटोली निवासी अशोक महतो ने बताया कि उनकी स्कूटी (JH 01 EZ-8942) का उपयोग फिलहाल उनका पुत्र पुरुलिया में कर रहा है, लेकिन उसी नंबर प्लेट को लगाकर रांची में कोई अन्य व्यक्ति दूसरी स्कूटी चला रहा है। इसके कारण वर्ष 2024 से 2025 के बीच कुल 23 ट्रैफिक चालान उनके नाम से जारी हो चुके हैं।
पीड़ित के अनुसार जब उनका पुत्र एक चालान जमा कराने ट्रैफिक विभाग पहुंचा, तब यह खुलासा हुआ कि झारखंड के विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग तिथियों में स्कूटी के कई चालान पहले से कट चुके हैं। इसके बाद अशोक महतो ने सभी चालानों की प्रतियां निकालकर ट्रैफिक एसपी, रांची को लिखित आवेदन सौंपा।
अशोक महतो ने यह भी दावा किया है कि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर स्कूटी चलाने वाले व्यक्ति की पहचान उन्हें है और उसका नाम-पता भी पुलिस को उपलब्ध करा दिया गया है। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।








