Mango Season Begins: बाजार में आया आमों का राजा, लालमुनी आम की ऊंची कीमत
रांची: फलों के राजा आम (Mango) ने बाजार में दस्तक दे दी है। इन दिनों बाजार में दक्षिण भारत का लालमुनी (ललमुनिया) आम उपलब्ध है। कीमत अधिक होने के कारण यह आम फिलहाल बड़ी फलों की दुकानों की शोभा बना हुआ है और शौकिया ग्राहक ही इसकी खरीदारी कर रहे हैं।
व्यापारियों के अनुसार बाजार में लालमुनी आम 300 से 320 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है। आम में अच्छी मिठास बताई जा रही है। विक्रेताओं का कहना है कि फरवरी तक इसकी कीमतों में गिरावट आने की संभावना है। वहीं मार्च से आम की अन्य किस्में बाजार में पहुंचने लगेंगी और अप्रैल तक कई किस्में उपलब्ध हो जाएंगी।
आम विक्रेताओं ने बताया कि महानगरों में तोतापरी, बैंगनपल्ली और हमाम जैसी किस्में बाजार में आ चुकी हैं, लेकिन अधिक कीमत होने के कारण इन्हें फिलहाल यहां नहीं मंगाया गया है। लालमुनी आम बेंगलुरु से सीधे बाजार में आ रहा है।
उधर, सेब की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। सेब का मौसम समाप्त होने के कारण फिलहाल बाजार में कोल्ड स्टोरेज का सेब ही उपलब्ध है। वर्तमान में सेब 120 से 200 रुपये प्रति किलो, बड़े सेब 250 से 280 रुपये, जबकि विदेशी सेब 300 से 360 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहे हैं।
वहीं संतरा पहली फसल समाप्त होने के कारण फिलहाल बाजार से गायब है, जो फरवरी में फिर उपलब्ध होने की संभावना है।








