Tourism Boost Plan: धुर्वा डैम को चरणबद्ध तरीके से पर्यटन हब बनाएगी झारखंड सरकार
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि रांची स्थित धुर्वा डैम में पर्यटन की संभावनाओं को सरकार चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी। नववर्ष 2026 की शुरुआत पर शनिवार को मुख्यमंत्री ने रांची शहर का दौरा किया और धुर्वा डैम समेत अन्य पिकनिक स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने धुर्वा डैम की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चाय की चुस्की लेते हुए रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र को व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलें और यह इलाका रांची के पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख आकर्षण बने।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी लिए। उन्होंने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी का भी निरीक्षण किया और वहां की संरचना व प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के समय मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
धुर्वा डैम भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री की नजर दो बच्चियों पर पड़ी, जो चाय बेच रही थीं। बड़ी बहन अंजना कच्छप ने मुख्यमंत्री को कुल्हड़ में चाय पिलाई। अंजना ने बताया कि वह कक्षा 10 की छात्रा है और उसकी मां चाय बेचती हैं, जबकि पिता बीमार हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चियों से बातचीत की, उनका हौसला बढ़ाया और जिला प्रशासन को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अंजना से कहा कि अच्छी पढ़ाई करो, सरकार की योजनाएं तुम्हारे भविष्य के लिए हैं।








