Lost Mobile Online Complaint: मोबाइल चोरी या गुम होने पर अब थाने नहीं, ऑनलाइन होगी शिकायत
रांची: अगर आपका मोबाइल फोन चोरी हो जाए या कहीं गुम हो जाए, तो अब थाने के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। झारखंड पुलिस ने आम नागरिकों की सुविधा के लिए मोबाइल गुम या चोरी होने की शिकायत दर्ज कराने की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू कर दी है।
झारखंड पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट citizen.jhpolice.gov.in पर जाकर अब कोई भी व्यक्ति अपने खोए या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकता है। इसी प्रक्रिया के दौरान मोबाइल नंबर को ब्लॉक कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
अब तक मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में लोगों को पहले थाने जाना पड़ता था और फिर मोबाइल कंपनी से अलग से सिम ब्लॉक कराने के लिए आवेदन करना पड़ता था। इस नई डिजिटल व्यवस्था से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
ऐसे करें ऑनलाइन शिकायत
सबसे पहले citizen.jhpolice.gov.in वेबसाइट पर लॉग इन करना होगा।
लॉग इन करते ही Add Lost/Stolen Mobile Blocking Request का विकल्प मिलेगा।
यहां मोबाइल के बारे में पूरी जानकारी देनी होगी, जिसमें सिम नंबर, मोबाइल ब्रांड और IMEI नंबर शामिल हैं।
इसके बाद यह बताना होगा कि मोबाइल चोरी हुआ है या गुम हुआ है, घटना की तारीख, स्थान, जिला और थाना क्षेत्र की जानकारी भरनी होगी।
पहचान और सत्यापन जरूरी
शिकायतकर्ता को अपना नाम, पूरा पता, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर देना होगा।
इसके साथ आधार, पैन, पासपोर्ट, राशन कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा।
आवेदन जमा करते ही मोबाइल पर OTP आएगा, जिसके सत्यापन के बाद शिकायत दर्ज हो जाएगी।
झारखंड पुलिस का कहना है कि यह सुविधा डिजिटल पुलिसिंग की दिशा में एक अहम कदम है, जिससे आम लोगों की परेशानी कम होगी और शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई संभव हो सकेगी।








