Superstition Murder Case: गढ़वा में बेटे ने की पिता की हत्या, कुल्हाड़ी से वार
गढ़वा:अंधविश्वास ने बड़गड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गड़िया में एक और जान ले ली। डायन-भूत और झाड़-फूंक के शक में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
3 जनवरी को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गड़िया में एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान चन्द्रिका राम (पिता–स्व. रोन्हा राम) के रूप में की। इस संबंध में बड़गड़ थाना कांड संख्या 01/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
जांच में सामने आया कि मृतक पूर्व में डायन-भूत झाड़-फूंक का काम करता था। इसी अंधविश्वास के कारण उसका बड़ा पुत्र नागेन्द्र मोची उर्फ नागेन्द्र राम (36 वर्ष) यह मान बैठा कि उसके और उसके बच्चों की बीमारी का कारण उसका पिता ही है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 02 जनवरी 2026 की रात उसने अपने पिता को घर में अकेला सोते हुए देखकर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से खून लगा कुल्हाड़ी, खून लगी मिट्टी, लकड़ी का बेत, तथा आरोपी की निशानदेही पर खून लगे जैकेट और लोवर पैंट बरामद किए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले का खुलासा एसडीपीओ ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से किया। पुलिस ने इसे समाज में फैले अंधविश्वास का खतरनाक परिणाम बताया है।








