बड़ी खबर: मेदिनीनगर में पुरानी रंजिश में कांदू मोहल्ला में ताबड़तोड़ फायरिंग, दो गंभीर रूप से घायल
गैस गोदाम रोड पर घर के बाहर बैठे लोगों पर चली गोलियां, एक की हालत नाजुक
मेदिनीनगर: में गुरुवार सुबह अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
यह घटना शहर थाना क्षेत्र के टीओपी-2 अंतर्गत कांदू मोहल्ला, गैस गोदाम रोड की है, जहां पुरानी रंजिश के चलते अज्ञात अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार दी।
फायरिंग की इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घायलों की पहचान 52 वर्षीय अजीत कुमार गुप्ता, 45 वर्षीय नवीन प्रसाद (पूर्व वार्ड पार्षद)के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों अपने घर के बाहर बैठे हुए थे, तभी अपराधियों ने अचानक उन पर गोलियां चला दीं।
इस हमले में अजीत कुमार गुप्ता की जांघ में गोली लगी, जबकि नवीन प्रसाद के पेट में गोली लगने से उनकी हालत गंभीर हो गई।
एक खतरे से बाहर, दूसरे को रांची रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।डॉक्टरों के अनुसार, अजीत कुमार गुप्ता की हालत अब खतरे से बाहर है, जबकि नवीन प्रसाद की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
मौके पर पुलिस, 9 MM के दो खोखे बरामद
सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार और टीओपी-1 प्रभारी इंद्रदेव पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थल से 9 एमएम के दो खोखे बरामद किए हैं।
अपराधियों की तलाश में छापेमारी
फिलहाल पुलिसअपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी,और फायरिंग के पीछे की वजह को लेकर सघन छानबीन और छापेमारी में जुटी हुई है।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से कांदू मोहल्ला सहित आसपास के इलाकों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। लोग पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।








