गढ़वा में कानून वयवस्था पर कसेगा शिकंजा, पुलिस कप्तान अमन कुमार की सख्ती, लंबित कांडों पर सख्त निर्देश
गढ़वा: गढ़वा जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। गढ़वा पुलिस कप्तान अमन कुमार की अध्यक्षता में रंका नक्षत्र वन में जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सह वनभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधि-व्यवस्था, लंबित मामलों और अपराध नियंत्रण को लेकर गहन समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस कप्तान ने पिछले चार वर्षों से लंबित कांडों, विशेषकर SC/ST मामलों, महिला अपराध और गंभीर श्रेणी के मामलों की अलग-अलग समीक्षा की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित अनुसंधान और सत्यापन कार्य को शीघ्र पूर्ण किया जाए।
एसपी अमन कुमार ने बताया कि सभी पुलिस निरीक्षकों के साथ साइबर अपराधों की भी समीक्षा की गई है। जिन मामलों में जांच अधूरी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, पिछले पांच वर्षों से सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिले में कहीं-कहीं चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें कुछ का उद्भेदन भी हुआ है। ऐसे में सभी थाना प्रभारियों को रात्रि गश्ती और पेट्रोलिंग को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाकर मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया गया।
पुलिस कप्तान ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए एक-दूसरे की सहायता करने का निर्देश भी दिया।
इस बैठक में अभियान एसपी राहुल देव बड़ाइक, गढ़वा एसडीपीओ नीरज कुमार, नगर ऊंटारी एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीवी मंडल, रंका एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह, गढ़वा पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी सुनील तिवारी, नगर ऊंटारी पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कुमार आजाद, भंडरिया थाना प्रभारी सुभाष कुमार पासवान, रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी, डंडई थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी समेत जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।








