लातेहार में भीषण बस हादसा, ओरसा घाटी में बस पलटने से पांच नौ मौत, सीएम हेमंत ने लिया संज्ञान
लातेहार: झारखंड के लातेहार जिले से रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाटी में छत्तीसगढ़ से आ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस भीषण दुर्घटना में नौ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि 28 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस को रिजर्व कर यात्री मेहमानी में शामिल होने जा रहे थे। घाटी क्षेत्र में अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। महुआडांड़ एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने तुरंत स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक टीम को अलर्ट किया। उनके निर्देश पर महुआडांड़, गारू और नेतरहाट से एंबुलेंस और मेडिकल टीम घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद महुआडांड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी मानवीय पहल दिखाते हुए अपने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। मृतकों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि लगभग 25 से अधिक घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और सभी का इलाज जारी है। चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
सीएम हेमंत सोरेन ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए लातेहार के उपायुक्त को घायलों का समुचित इलाज की वयवस्था करने का निर्देश दिया है.








