गढ़वा में ‘लव जिहाद’ का सनसनीखेज मामला, शादी का झांसा देकर युवती का शोषण, गर्भपात का आरोप
गढ़वा: जिले से एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। उंचरी निवासी दूसरे समुदाय के एक युवक पर चतरा जिले की एक युवती को प्रेम और शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने, जबरन गर्भपात कराने और मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगा है।
पीड़िता की शिकायत पर गढ़वा महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
स्टेशन से शुरू हुई पहचान, शादी के भरोसे शोषण
पीड़िता के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चोपन से गढ़वा आने के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी युवक से रेलवे स्टेशन पर हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ अलग-अलग स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाए।
दोस्त से संबंध बनाने का दबाव, जान से मारने की धमकी
आरोप है कि युवक ने दबाव बनाकर पीड़िता को अपने एक मित्र के साथ भी संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। इनकार करने पर उसे बदनामी और जान से मारने की धमकियां दी गईं, जिससे वह मानसिक रूप से टूटती चली गई।
गर्भवती होने पर इनकार, साक्ष्य मिटाने के लिए गर्भपात का आरोप
समय के साथ युवती गर्भवती हो गई। जब उसने आरोपी से जिम्मेदारी लेने को कहा तो उसने साफ इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से उसे बुखार की दवा बताकर कुछ दवाइयां दी गईं, जिससे गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। बाद में उसने मृत नवजात को जन्म दिया।
पोस्टमार्टम और इलाज जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मृत नवजात का पोस्टमार्टम कराया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। पीड़िता को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
आरोपी हिरासत में, सख्त कार्रवाई के संकेत
पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। इस संबंध में एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








