गढ़वा में बच्चा चोर की अफवाह से हड़कंप, नवजात के साथ पकड़ा गया पिता, पुलिस के हवाले
गढ़वा: गढ़वा जिले में बच्चा चोर की अफवाह ने एक बार फिर माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। नवजात शिशु को लेकर घर जा रहे एक युवक को ग्रामीणों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। समय रहते पुलिस की हस्तक्षेप से एक बड़ा हादसा टल गया, वहीं नवजात को सुरक्षित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना गढ़वा थाना क्षेत्र के अन्नराज नावाडीह गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान 25 वर्षीय चंदन कोरवा, निवासी कटरा थाना रंका के रूप में हुई है। चंदन कोरवा नवजात शिशु को लेकर ऑटो से अपने घर जा रहा था, तभी ग्रामीणों को उस पर शक हुआ और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि चंदन कोरवा और उर्मिला कुमारी पिछले दो वर्षों से आपसी सहमति से रिलेशनशिप में थे। दोनों दिल्ली में साथ रह रहे थे, जहां उर्मिला गर्भवती हुई। हाल ही में सदर अस्पताल गढ़वा में उर्मिला ने नवजात को जन्म दिया। अस्पताल से छुट्टी के बाद उर्मिला के परिजनों ने बच्चे को साथ ले जाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद नवजात को उसके पिता चंदन को सौंपा गया।
सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाना ले आई। नवजात को चाइल्ड वेलफेयर से समन्वय कर सदर अस्पताल के SNCU वार्ड में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और मां को काउंसलिंग के लिए बुलाने का प्रयास जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बच्चा चोर की अफवाहें कैसे निर्दोष लोगों की जान पर बन आती हैं।








