गढ़वा में पुलिस पर हमला: वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पिता-पुत्र ने किया हमला, तीन पुलिसकर्मी घायल
गढ़वा: रंका अनुमंडल मुख्यालय के थाना मोड़ स्थित ढोंढा इलाके में मंगलवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि हमले के आरोपी वारंटी पिता-पुत्र को मौके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे एएसआई राजेश कुमार झा, महिला एएसआई इंदु देवी और शस्त्र बल के जवान वारंटी जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी को पकड़ने उसके घर पहुंचे थे। इसी दौरान जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी और उसका पुत्र विकास कुमार घर से बाहर निकले और पुलिस टीम से उलझ गए।
आरोप है कि पिता-पुत्र ने पुलिस जवानों के साथ मारपीट शुरू कर दी और यहां तक कि हथियार छीनने का भी प्रयास किया। हमले में एएसआई राजेश कुमार झा, महिला एएसआई इंदु देवी और हवलदार रामधारी मेहता घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इसके बाद वारंटी जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी और उसके पुत्र विकास कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी ने बताया कि जितेंद्र कुमार चंद्रवंशी लाल वारंट का आरोपी था और उसकी गिरफ्तारी के दौरान ही यह हमला किया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।








