गढ़वा में मुखिया के चाचा ससुर वार्ड सदस्य का नाले से मिला शव, हत्या की आशंका से गांव में उबाल
गढ़वा:गढ़वा जिले के भंडरिया थाना क्षेत्र में एक जनप्रतिनिधि की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। करचाली पंचायत की मुखिया मोनिका खलखो के चाचा ससुर और मदगड़ी (क) पंचायत, वार्ड संख्या 9 के वार्ड सदस्य शिवलाल बाखला (55 वर्ष) का शव मंगलवार सुबह उनके घर से करीब आधा किलोमीटर दूर एक नाले से बरामद किया गया।
एक ओर जहां यह मामला सीधे तौर पर पंचायत प्रतिनिधि से जुड़ा है, वहीं दूसरी ओर शव की हालत देखकर परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है। शव मिलने की खबर फैलते ही सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मामले के जल्द खुलासे की मांग करने लगे।
जानकारी के अनुसार, शिवलाल बाखला 13 जनवरी की रात भोजन के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन फिर वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो 18 जनवरी को उनके पुत्र अखिलेश बाखला ने भंडरिया थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मंगलवार सुबह गांव के पास नाले में शव देखे जाने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुभाष कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होते ही माहौल गमगीन होने के साथ-साथ आक्रोशपूर्ण भी हो गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि शिवलाल बाखला एक सक्रिय और मुखर जनप्रतिनिधि थे, ऐसे में यह मामला सामान्य नहीं लगता। ग्रामीणों का आरोप है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकती है, जिसकी निष्पक्ष और गहन जांच जरूरी है।
भंडरिया थाना प्रभारी सुभाष कुमार पासवान ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








