पलामू में दिल दहला देने वाली वारदात, डायन-बिसाही के शक में कुल्हाड़ी से एक ही परिवार के 3 लोगों की गई बेरहमी से हत्या
पलामू :जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसेहार पंचायत के कुसड़ी गांव में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। डायन-बिसाही के संदेह को लेकर हुए खूनी संघर्ष में एक ही परिवार के तीन लोगों की कुल्हाड़ी (टांगी) से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान विजय भुईया (45), उनकी पत्नी कलिया देवी (40) और छोटू भुईया (17) के रूप में हुई है। वहीं, ममता कुमारी (14) और नीतू देवी (25) इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। दोनों की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, महेशी भुईया की मौत के बाद उनके पुत्रो ने गांव के कुछ लोगों पर डायन-बिसाही कराने का आरोप लगाया था। इसी अंधविश्वास के चलते विवाद बढ़ा और आवेश में आकर हमलावरों ने टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पांकी थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और मामले की जांच जारी है।
हालांकि,घटना के बाद पुलिस का कहना है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी








