पलामू में सड़क हादसे में स्पेशल ब्रांच के कांस्टेबल शिव कुमार रवि की मौत, पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी
पलामू :जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्पेशल ब्रांच के कांस्टेबल शिव कुमार रवि की मौत हो गई। वे 2005 बैच के झारखंड पुलिस के कांस्टेबल थे और वर्तमान में पलामू के रेहला थाना क्षेत्र में तैनात थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
कांस्टेबल शिव कुमार रवि रोड थाना क्षेत्र के भदुमा गांव के रहने वाले थे। बताया गया कि वे रेहला थाना क्षेत्र के बीमोड़ के पास एक गांव जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया। लेकिन रिम्स ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई।
सिर और पैर में लगी थी गंभीर चोट
हादसे में शिव कुमार रवि के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। उनके शव का पोस्टमार्टम मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पलामू पुलिस लाइन लाया गया, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम सलामी दी गई।
पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही पलामू के सार्जेंट मेजर सुरेश कुमार राम समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। मृतक कांस्टेबल के परिजन भी वहां मौजूद रहे। इस दौरान परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।
गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, वहां कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।
पुलिस ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी का बयान दर्ज किया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हुसैनाबाद में गांजा तस्करी का बड़ा नेटवर्क ध्वस्त, एक पुरुष समेत तीन महिलाएं गिरफ्तार








