जयमाला के बाद दुल्हन ने शादी से किया इनकार, बिना दुल्हन लौटी बारात
गढ़वा:जिले के रमना प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार की रात एक शादी समारोह उस समय चर्चा का विषय बन गया,जब जयमाला और अन्य वैवाहिक रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन ने सिंदूरदान के वक्त शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पूरी रात दोनों पक्षों के परिजन, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि लड़की को मनाने में जुटे रहे, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही। आखिरकार बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार रमना थाना क्षेत्र के बगौन्धा टोला में गढ़वा थाना क्षेत्र के जुबैरईया गांव से बारात आई थी। गाजे-बाजे के साथ बारात का स्वागत किया गया और जयमाला कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुआ। इसके बाद विवाह मंडप में पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शादी की अन्य रस्में पूरी कराई जा रही थीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही सिंदूरदान की रस्म शुरू हुई और दूल्हा दुल्हन की मांग में सिंदूर भरने लगा, तभी दुल्हन ने हाथ हटाते हुए शादी से इनकार कर दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मंडप में अफरा-तफरी मच गई और दोनों पक्षों में हलचल बढ़ गई।
घटना के बाद परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण दुल्हन को समझाने में जुट गए। सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि विरंची पासवान समेत कई जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और पंचायत कर मामला सुलझाने की कोशिश की। हालांकि पूरी रात समझाने के बावजूद दुल्हन अपने निर्णय पर कायम रही।
सुबह होने पर लड़के पक्ष ने रमना थाना को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई। अंततः दूल्हा पक्ष को बिना दुल्हन के ही बारात वापस ले जानी पड़ी।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।






