सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, जांच के बाद होगी कार्रवाई: सीओ

Share this:

सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का आरोप, जांच के बाद होगी कार्रवाई: सीओ

गढ़वा :जिले के बरगढ़ प्रखंड के उगरा रोड स्थित सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभागीय भूमि पर अवैध रूप से घेराबंदी कर खेती की जा रही है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार,उक्त भूमि पर कई दशक पहले सिंचाई विभाग का भवन बनाया गया था, जिससे यह सरकारी भूमि है। इसके बावजूद सुरेंद्र गिद्ध एवं जैकब गिद्ध द्वारा भूमि की घेराबंदी कर कब्जा करते हुए खेती किए जाने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि विरोध करने पर संबंधित पक्ष ने दावा किया कि यह भूमि उनके पूर्वजों द्वारा सिंचाई विभाग को दी गई थी, इसलिए वे खेती और घेराबंदी जारी रखेंगे।

ग्रामीण अयुब कुजूर, भोला प्रसाद, मोनिका कच्छप, बसंती कुजूर, दीपिका कुजूर, आभास कुजूर और मनोनीत कुजूर सहित अन्य लोगों ने बताया कि विवाद के समाधान के लिए मुखिया प्रतिनिधि दिनेश लकड़ा की पहल पर पंचायत भी बुलाई गई थी। पंचायत में सरकारी भूमि खाली करने की बात कही गई,लेकिन आरोपितों ने पंचायत के निर्णय को मानने से इनकार कर दिया।

ग्रामीणों ने राजस्व एवं सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम से स्थल निरीक्षण कर भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा यदि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो तत्काल अतिक्रमण हटाकर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

क्या बोले अंचल पदाधिकारी

अंचल पदाधिकारी राकेश भूषण सिंह ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। राजस्व टीम से जांच कराई जाएगी। यदि जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score