बीडीसी पति लालमोहन पासवान ने पेश की मानवता की मिसाल,बीमार युवती के लिए किया रक्तदान
गढ़वा:जिले के रमकंडा प्रखंड क्षेत्र में एक बार फिर मानवता और सामाजिक सहयोग की मिसाल देखने को मिली। उदयपुर पंचायत के बीडीसी पति लालमोहन पासवान ने बीमार युवती की जान बचाने के लिए रक्तदान कर सराहनीय पहल की।
जानकारी के अनुसार रमकंडा प्रखंड अंतर्गत मुड़खुड़ गांव निवासी ताहिर अंसारी की पुत्री नुसरत खातून की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तत्काल रक्त की आवश्यकता बताई।

मामले की जानकारी मिलने पर उदयपुर पंचायत के बीडीसी पति लालमोहन पासवान तुरंत अस्पताल पहुंचे और बिना देर किए एक यूनिट रक्तदान किया। रक्त मिलने के बाद युवती का इलाज शुरू हो सका।
रक्तदान के बाद मरीज के परिजनों ने लालमोहन पासवान के प्रति आभार जताया और कहा कि उनके सहयोग से समय पर इलाज संभव हो पाया। वहीं स्थानीय लोगों ने भी इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरत के समय किया गया रक्तदान किसी के लिए नया जीवन साबित हो सकता है।
इस मौके पर लालमोहन पासवान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ताकि जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सके।






