CEIR पोर्टल की मदद से रमकंडा पुलिस की बड़ी सफलता, गुम हुए 2 मोबाइल बरामद
गढ़वा: जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र में गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। तकनीकी संसाधनों और त्वरित कार्रवाई के बल पर रमकंडा थाना पुलिस ने दो मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोबाइल गुम होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने CEIR की मदद से मोबाइल की ट्रैकिंग शुरू की। लगातार तकनीकी निगरानी और प्रयास के बाद दोनों मोबाइल फोन को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया गया।

इस पूरे अभियान का नेतृत्व गढ़वा पुलिस व रमकंडा थाना प्रभारी मुकेश यादव ने किया। उनकी देखरेख में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कम समय में सकारात्मक परिणाम हासिल किया।
बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को विधिवत सौंप दिया गया। मोबाइल प्राप्त करने वालों में रमकंडा थाना क्षेत्र के तिनफेड़ी निवासी स्व.कैलाश मिस्त्री के पुत्र मनोज मिस्त्री तथा कुरूमदारी गांव निवासी स्व.राधा उरांव के पुत्र पवन उरांव शामिल हैं।
मोबाइल मिलने के बाद मनोज मिस्त्री ने बताया कि वह घर से दुकान जा रहे थे, तभी बिचला राशन दुकान के समीप उनके पैकेट से मोबाइल गिरकर गुम हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर उन्होंने इसकी सूचना रमकंडा थाना में दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोबाइल बरामद कर वापस सौंप दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर पवन उरांव और मनोज मिस्त्री ने खुशी जाहिर करते हुए रमकंडा थाना प्रभारी एवं गढ़वा पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रियता और तकनीकी प्रयासों के कारण ही उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल सका।
थाना प्रभारी मुकेश यादव ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाए, तो तुरंत नजदीकी थाना में सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल की बरामदगी आसान हो सके।






