गढ़वा: रमकंडा तक पहुंच रहे थे खेसारी दाल और चावल के आटे से बने बूंदी लड्डू, गढ़वा में छापेमारी से बड़ा खुलासा

Share this:

गढ़वा: रमकंडा तक पहुंच रहे थे खेसारी दाल और चावल के आटे से बने बूंदी लड्डू, गढ़वा में छापेमारी से बड़ा खुलासा

गढ़वा:  जिले में मिलावटी मिठाइयों के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार की अगुवाई में रेहला रोड स्थित एक अवैध बूंदी लड्डू निर्माण स्थल पर छापेमारी की गई, जहां से स्वास्थ्य के लिए खतरनाक सामग्री से तैयार किए जा रहे लड्डुओं का भंडाफोड़ हुआ। जांच में सामने आया कि बाजारों में शुद्ध बेसन के नाम पर बेचे जा रहे बूंदी लड्डू असल में खेसारी दाल, घटिया मैदा और चावल के आटे के मिश्रण से बनाए जा रहे थे।

प्रशासनिक जांच के दौरान यह भी पता चला कि इन नकली और मिलावटी लड्डुओं की सप्लाई गढ़वा शहर के अलावा रमकंडा तक के ग्रामीण बाजारों और हाटों में की जा रही थी। इस खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

बेसन के नाम पर मिलावटी मिश्रण का इस्तेमाल

छापेमारी के दौरान मौके पर बेसन का एक भी बोरा नहीं मिला। पूछताछ में कारखाना संचालक ने स्वीकार किया कि वह बाजार समिति से सस्ते दाम पर तथाकथित “गुलकंद बेसन” खरीदता था, जिसमें प्रतिबंधित खेसारी दाल, घटिया मैदा और अरवा चावल का आटा मिला रहता था। इसी मिश्रण में पीला रंग मिलाकर बूंदी तैयार की जाती थी।

प्रशासन ने मौके से भारी मात्रा में तैयार बूंदी, मिलावटी आटा और अन्य सामग्री जब्त की है। खाद्य सुरक्षा विभाग को सैंपल लेकर विस्तृत जांच का निर्देश दिया गया है।

बाजार समिति की दुकानों पर भी छापेमारी

कारखाना संचालक के बयान के आधार पर प्रशासन ने बाजार समिति स्थित दो थोक दुकानों में भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि मिलावटी सामग्री की सप्लाई चेन किन व्यापारियों और दुकानदारों से जुड़ी हुई है।

मिलावटखोरों पर होगी CCA के तहत कार्रवाई

एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि आरोपी पहले भी नकली मिठाई बेचने के मामले में कार्रवाई झेल चुका है, लेकिन इसके बावजूद दोबारा उसी तरह का अवैध कारोबार शुरू कर दिया। ऐसे लोगों को अब ‘आदतन अपराधी’ घोषित कर सीसीए समेत अन्य सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट कर लोगों की जान से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

ग्रामीण बाजारों तक पहुंच रहा था मिलावटी सामान

प्रशासनिक जांच में सामने आया कि तैयार लड्डुओं की सप्लाई गढ़वा बस स्टैंड, मेन बाजार के कई मिष्ठान भंडारों और होटल तक हो रही थी। इसके अलावा रमकंडा समेत ग्रामीण इलाकों के हाट-बाजारों में भी बड़े पैमाने पर यह मिलावटी सामान भेजा जा रहा था।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score