महुआ के पेड़ से लटका मिला 17 वर्षीय किशोर का शव,जांच में जुटी पुलिस
गढ़वा:जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरी टॉड टोला में गुरुवार को एक 17 वर्षीय किशोर का शव महुआ के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रघुवीर कौरवा के 17 वर्षीय पुत्र बबलू कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह बकरी चराने को लेकर बबलू कुमार और उसके पिता के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोपहर करीब तीन बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित एक महुआ के पेड़ पर उसका शव फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही रमकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की करवाई शुरू कर दी है।

रमकंडा थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की सूचना मिलने पर उपमुखिया पति युगल प्रसाद,वार्ड सदस्य दिलीप कुमार, वार्ड प्रतिनिधि चंदन कुमार, बिगनी देवी सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।






