गढ़वा: मुहर्रम को लेकर रमकंडा में प्रशासन अलर्ट, सीओ व थाना प्रभारी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च

Share this:

गढ़वा: मुहर्रम को लेकर रमकंडा में प्रशासन अलर्ट, सीओ व थाना प्रभारी के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च

रमकंडा: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर रमकंडा पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। हाल के रामनवमी पर्व के दौरान हुए विवाद को देखते हुए प्रशासन इस बार किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरत रहा है। इसी कड़ी में सोमवार की शाम अंचलाधिकारी अनिल रविदास एवं थाना प्रभारी मुकेश यादव के नेतृत्व में रमकंडा क्षेत्र में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च रमकंडा थाना परिसर से शुरू होकर बाजार मोड़, स्कूल चौक, बिचला गांव होते हुए दोहर तक पहुंचा तथा वहां से पुनः थाना परिसर लौटकर संपन्न हुआ। मार्च में पुलिस बल के जवानों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे। पूरे मार्ग में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ताजिया जुलूस के निर्धारित एवं चिन्हित मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर लिया गया है, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की बाधा, अवरोध या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।

थाना प्रभारी मुकेश यादव ने कहा कि मुहर्रम पर्व आपसी सद्भाव और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। सभी समुदायों के लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फ्लैग मार्च के दौरान लोगों में सुरक्षा का विश्वास भी देखने को मिला। प्रशासन का कहना है कि पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार है।आपको बता दे कि इसके पूरे क्षेत्र में ड्रोन से भी निगरानी की गया है।

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score