गढ़वा: 85 किमी दूर भंडरिया बड़गड़ पहुंचे उपायुक्त, सीएचसी, एकलव्य विद्यालय व प्रखंड कार्यालय का किया निरीक्षण

Share this:

गढ़वा: 85 किमी दूर भंडरिया बड़गड़ पहुंचे उपायुक्त, सीएचसी, एकलव्य विद्यालय व प्रखंड कार्यालय का किया निरीक्षण

सीएचसी में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

गढ़वा: उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्र शनिवार को 85 किमी दूर भंडरिया बड़गड़ प्रखंड का दौरा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय एवं प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था, शिक्षा एवं प्रखंड में संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

उपायुक्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से अस्पताल की व्यवस्था, दवा की उपलब्धता, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने अस्पताल परिसर में पेयजल की समस्या की जानकारी दी.इस पर उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों को तत्काल अस्पताल परिसर में बोरिंग कराने का निर्देश दिया.

उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कोई कर्मी अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मौजूद ग्रामीणों ने अस्पताल में जनरेटर मे डीजल की व्यवस्था नहीं होने से बिजली कटौती के समय इलाज प्रभावित होने की समस्या उठायी। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग भी उपायुक्त के समक्ष रखी, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाया जा सके। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके बाद उपायुक्त ने भंडरिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं में चल रहे पठन-पाठन, छात्रावास, भोजनालय एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही विद्यार्थियों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए।

दौरे के अंतिम चरण में उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी राकेश भूषण सिंह से विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। सभी योजनाओं को गुणवत्ता एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने तथा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने का निर्देश भी उन्होंने अधिकारियों को दिया. मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष हरिदास तिर्की राजेश कुमार वर्मा सतनारायण गुप्ता, सत्येंद्र गोस्वामी, सुशीला केरकेट्टा, सहित स्वास्थ्य कर्मी प्रखंड कर्मी एवं अंचल कर्मी सभी मौजूद थे

GPL NEWS
Author: GPL NEWS

वर्षों के अनुभव के साथ झारखंड की ज़मीनी सच्चाइयों को निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाना। सरकार की योजनाओं से लेकर आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर सटीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार समाचार प्रस्तुत करना उद्देश्य है

Latest Updates

Cricket Live Score